लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान
जयपुर/दिल्ली (रूपनारायण सांवरिया) – भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत अपने दैनिक जीवन में अधिकतम स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करने का संकल्प लिया। उन्होंने देशवासियों को भी इस दिशा में प्रेरित करने का आह्वान किया।
दिल्ली प्रवास के दौरान मदन राठौड़ ने कहा, “मैं, मदन राठौड़, भारत माता की सेवा और सम्मान के लिए यह संकल्प लेता हूँ कि अपने दैनिक जीवन में अधिकतम भारतीय उत्पादों का उपयोग करूँगा। आयातित वस्तुओं के स्थान पर देशी विकल्प अपनाऊँगा, स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा दूँगा और युवाओं तथा बच्चों को स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित करूँगा। मैं अपने पारिवारिक और सामाजिक जीवन में भारतीय भाषाओं का प्रयोग करूँगा तथा पर्यावरण के प्रति सजग रहकर स्वदेशी और प्रकृति-अनुकूल उत्पादों को प्राथमिकता दूँगा। इसके साथ ही भारत के पर्यटन स्थलों को भी प्रोत्साहित करूँगा।”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का यह संकल्प आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत कदम है, जो देश की आर्थिक मजबूती, सांस्कृतिक गौरव और पर्यावरणीय संतुलन को बढ़ावा देगा। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे भी इस मुहिम से जुड़ें और स्वदेशी अपनाकर राष्ट्रनिर्माण में सहभागी बनें।
