लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)। शिक्षक दिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने समस्त शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारत के पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन सभी शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत है।
राठौड़ ने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण और नैतिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आज समाज को मूल्यपरक और संस्कारित नागरिकों की आवश्यकता है, जिसमें शिक्षकों की भूमिका और भी अहम हो जाती है।
उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता के साथ-साथ उन्हें संस्कार, नैतिकता और देशभक्ति की भावना से भी ओतप्रोत करें। राठौड़ ने विश्वास व्यक्त किया कि शिक्षक अपने समर्पण से राष्ट्र निर्माण में अमूल्य योगदान देते रहेंगे।
