लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, भरतपुर में रविवार को देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 131वां एपिसोड जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा के नेतृत्व में सुना गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने देश-विदेश के श्रोताओं से अपने विचार साझा किए। उन्होंने ‘मन की बात’ को देशवासियों की उपलब्धियों को सामने लाने वाला एक सशक्त मंच बताया।
एआई इम्पैक्ट समिट पर विशेष जोर
प्रधानमंत्री ने ‘ग्लोबल एआई इम्पैक्ट समिट’ का उल्लेख करते हुए बताया कि दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित इस समिट में कई देशों के उद्योगपतियों और नेताओं ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि एआई तकनीक जानवरों के इलाज तथा भारत के प्राचीन ग्रंथों, ज्ञान और पांडुलिपियों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने बताया कि भारत ने तीन ‘मेड इन इंडिया’ एआई मॉडल लॉन्च किए हैं और इस क्षेत्र में युवाओं में उत्साह देखने को मिल रहा है।
खेल, संस्कृति और डिजिटल सुरक्षा पर संदेश
प्रधानमंत्री ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “जो खेलेगा वही खिलेगा।” उन्होंने टी-20 वर्ल्ड कप का जिक्र करते हुए कहा कि कई देशों की टीमों में भारतीय मूल के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा से भारत का गौरव बढ़ा रहे हैं।
‘आजादी के अमृत महोत्सव’ के दौरान लाल किले से दिए गए ‘पंच प्राण’ संकल्पों को याद करते हुए उन्होंने गुलामी की मानसिकता से मुक्ति का आह्वान किया। 23 फरवरी को राष्ट्रपति भवन में आयोजित ‘राजाजी उत्सव’ में स्वतंत्र भारत के पहले भारतीय गवर्नर जनरल सी. राजगोपालाचारी की प्रतिमा के अनावरण का उल्लेख भी किया।
डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन फ्रॉड पर चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें और केवाईसी स्वयं बैंक जाकर कराएं। सतर्क और जागरूक नागरिक ही मजबूत भारत के निर्माण में सहायक होंगे।
किसान, नारी शक्ति और युवाओं को प्रेरणा
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश का किसान अब परंपरा और तकनीक को साथ लेकर उत्पादन के साथ गुणवत्ता पर भी ध्यान दे रहा है।
उन्होंने तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता के प्रति लोगों के आत्मीय लगाव का उल्लेख करते हुए नारी शक्ति की सराहना की।
बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को उन्होंने तनावमुक्त रहने की सलाह दी और पूरे आत्मविश्वास से परीक्षा देने का संदेश दिया।
राजस्थान के सीकर निवासी रामदेव सिंह की किडनी ट्रांसप्लांट के बाद खेल क्षेत्र में उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए उन्होंने अंगदान के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री ने रमजान और होली के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और कार्यक्रम को प्रेरणादायक बताया।



















































