लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भाजपा का लक्ष्य देश सेवा, विचारधारा सर्वोपरि: राजस्थान प्रभारी डॉ. राधामोहनदास अग्रवाल
सीकर। (योगेश ऋषिका) भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस सोमवार को पार्टी कार्यालय में समारोहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय महामंत्री, राज्यसभा सांसद एवं राजस्थान प्रभारी डॉ. राधामोहनदास अग्रवाल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ ने की। इस दौरान प्रदेश मंत्री अजीत मांडण, यूडीएच मंत्री झाबरसिंह खर्रा, संगठन प्रभारी अभिषेक मटोरिया, सैनिक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रेमसिंह बाजौर, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुभाष महरिया, पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद सरस्वती, खंडेला विधायक सुभाष मील सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मंचस्थ रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती एवं पार्टी संस्थापक सदस्यों के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का दुपट्टा, साफा एवं माला पहनाकर स्वागत किया।
डॉ. राधामोहनदास अग्रवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की स्थापना का उद्देश्य सत्ता प्राप्ति नहीं बल्कि देश सेवा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित संगठन है, जिसमें संगठन सर्वोपरि है। उन्होंने जनसंघ से लेकर भाजपा के वर्तमान स्वरूप तक की यात्रा को विस्तार से बताते हुए कहा कि आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बन चुका है।
उन्होंने कहा कि पार्टी में व्यक्ति नहीं बल्कि राष्ट्र और संगठन के प्रति समर्पण सर्वोपरि है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनमें अनुच्छेद 370 का निरस्तीकरण, राम मंदिर निर्माण, नक्सलवाद पर नियंत्रण और आर्थिक प्रगति प्रमुख हैं।
जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ ने कहा कि सीकर जिला संगठनात्मक दृष्टि से हमेशा सक्रिय और मजबूत रहा है तथा यहां के कार्यकर्ता राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ निरंतर कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यालय पर झंडारोहण किया गया तथा सौर ऊर्जा यूनिट का शुभारंभ भी किया गया। इसके साथ ही आपातकाल के दौरान जेल गए लोकतंत्र सेनानियों एवं जनसंघ के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






















































