लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
डॉ. भोला सिंह ने स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया) – भाजपा प्रदेश कार्यालय में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। अभियान के प्रदेश प्रभारी, सांसद एवं भाजपा अनुसुचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. भोला सिंह ने कार्यशाला के बाद प्रेसवार्ता को संबोधित किया।
डॉ. भोला सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में आत्मनिर्भरता की आवश्यकता को लगातार बढ़ावा दे रहे हैं। यह आह्वान देशभर में विभिन्न क्षेत्रों में गूंज रहा है, चाहे वह भारतीय पर्यटन स्थलों का भ्रमण हो या “वोकल फॉर लोकल” के माध्यम से स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देना हो।
उन्होंने बताया कि भाजपा आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के माध्यम से देश के हर नागरिक तक पहुँचेगी और स्वदेशी अपनाने का आह्वान करेगी। यह अभियान 25 सितंबर, पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती से शुरू होकर 25 दिसंबर, श्रद्धेय अटल जी की जयंती तक चलेगा।
डॉ. भोला सिंह ने कहा कि अभियान के पहले चरण में अक्टूबर में सभी जिलों में और दूसरे चरण में नवंबर-दिसंबर में सभी मंडलों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसमें सामाजिक और व्यावसायिक संगठनों, हितधारकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रमों में व्यापारी सम्मेलन, उद्योग सम्मेलन, प्रभात फेरी, मशाल यात्रा, नुक्कड़ नाटक, मेले और किसान मार्च जैसे आयोजन शामिल होंगे।
उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वदेशी अपनाएं और विदेशी उत्पादों से दूरी बनाएं। यह अभियान हर घर की रसोई से शुरू होना चाहिए, जहाँ रसोई के उत्पाद और भारत में निर्मित वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।
अभियान के प्रदेश संयोजक एवं सांसद दामोदर अग्रवाल ने बताया कि अभियान के सफल आयोजन के लिए शनिवार को प्रदेश कार्यशाला आयोजित की गई। इसके बाद जिला स्तर पर कार्यशालाओं का आयोजन होगा। अभियान के तहत सभी जिलों में आत्मनिर्भर भारत संकल्प रथ यात्रा, सेमिनार, स्कूल-कॉलेजों में निबंध, कविता और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। दीपावली के समय लोगों को स्वदेशी उत्पाद खरीदने और दुकानदारों को बेचने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। विदेशी लाइटिंग उत्पादों की जगह दीयों के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।
कार्यशाला में भाजपा प्रदेश महामंत्री ओमप्रकाश भडाणा, प्रदेश मंत्री महेंद्र कुमावत, स्टेफी चौहान और भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ उपस्थित रहे।














































