लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्टर: दुर्योधन मयंक
जयपुर। झालाना डूंगरी स्थित कार्यक्रम में शौर्य चेरिटेबल फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘सावित्रीबाई फुले छात्रवृत्ति कार्यक्रम’ में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी एवं लघु उद्योग निगम के पूर्व चेयरमैन राजीव अरोड़ा ने शिरकत की।
इस अवसर पर राजीव अरोड़ा ने मेधावी एवं जरूरतमंद छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा ही सशक्त समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव है, और इस दिशा में किया गया हर प्रयास सराहनीय है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के आत्मविश्वास, उनके सपनों और आगे बढ़ने की लगन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ये बेटियां अपने परिश्रम और संकल्प से न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज और देश का नाम रोशन करेंगी।
राजीव अरोड़ा ने शौर्य चेरिटेबल फाउंडेशन एवं सभी आयोजकों को इस प्रेरणादायक पहल के लिए बधाई दी और समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने सभी से अपील की कि हम मिलकर यह संकल्प लें कि कोई भी बेटी शिक्षा से वंचित न रहे और हर बेटी को अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिले। कार्यक्रम में ट्रस्ट के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं समाजसेवी भी उपस्थित रहे।


















































