- Advertisement -
लोक टुड़े न्यूज नेटवर्क
स्थानीय लोग परेशान, शादी-विवाह के लिए नहीं ले रहे किराए पर**
जयपुर। बजाज नगर स्थित बैरवा कॉलोनी में बना सामुदायिक केंद्र जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) की उपेक्षा के कारण पूरी तरह जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। करीब 5,000 की आबादी के बीच बने इसकी हालत इतनी खराब है कि लोग इसे शादी-विवाह या किसी भी सामाजिक कार्यक्रम के लिए किराए पर लेना भी पसंद नहीं कर रहे।
अंदर कचरा, बाहर भी गंदगी—किराए पर लेने से कतराते लोग
सामुदायिक केंद्र के अंदर वर्षों से पड़ा खराब और बेकार सामान ज्यों-का-त्यों अटा पड़ा है। जगह-जगह कचरा फैला हुआ है और भवन की दीवारें तथा फर्श टूट-फूट का शिकार हैं।
गेट के बाहर भी कचरा पड़ा हुआ है, जिससे यहाँ आने वाले लोगों को बदबू और गंदगी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि “इतनी गंदगी और टूट-फूट में कौन अपना कार्यक्रम करना चाहेगा?”
2006 में हुआ था जीर्णोद्धार, उसके बाद से उपेक्षित
स्थानीय निवासियों के अनुसार वर्ष 2006 में क्षेत्रीय विधायक कालीचरण सराफ ने इस केंद्र का जीर्णोद्धार कराया था।
लेकिन उसके बाद से लेकर आज तक JDA ने इसकी कोई देखरेख नहीं की, जिसके चलते भवन अब जर्जर स्थिति में पहुंच गया है।
अगर JDA ध्यान दे तो केंद्र बन सकता है उपयोगी
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि जयपुर विकास प्राधिकरण इस केंद्र पर ध्यान दे,
इसकी साफ-सफाई करवाए
टूट-फूट की मरम्मत करवाए
एक नियमित गार्ड नियुक्त करे
तो यह सामुदायिक केंद्र फिर से आस-पास के लोगों के लिए उपयोगी और किराए पर जाने योग्य बन सकता है। बजाज नगर बैरवा कॉलोनी विकास समिति के अध्यक्ष ललित लोदिया ने कहा कि हमने कई स्थानों पर शिकायत की है लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा है जीडीए को भी किराया नहीं मिल रहा है और स्थानीय लोगों को भी सुविधा नहीं मिल रही है।
स्थानीय लोगों की शिकायतों पर भी नहीं हो रही सुनवाई
स्थानीय निवासी लोकेश कुमार एडवोकेट के अनुसार,
“हमने कई बार JDA को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन कभी कोई कार्रवाई नहीं हुई। कॉलोनी में भी सफाई व्यवस्था लचर है। स्थानीय पार्षद को भी कई बार बताया लेकिन उन्होंने भी कोई ध्यान नहीं दिया।”
कॉलोनी में भी जगह-जगह गंदगी
सामुदायिक केंद्र ही नहीं, पूरी कॉलोनी में जगह-जगह कचरा और गंदगी फैली हुई है। इससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है और स्थानीय लोग बेहद परेशान हैं।
- Advertisement -


















































