लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्टर: मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर। श्रीकरणपुर के पदमपुर रोड पर आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार पिता-पुत्री को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने तुरंत घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) श्रीकरणपुर पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार गांव 2FF निवासी रणजीत सिंह (35) पुत्र दर्शन सिंह और उनकी 13 वर्षीय पुत्री गुरनूर सुबह रोज की तरह श्रीकरणपुर की ओर आ रहे थे। गुरनूर गांव मोडां स्थित निजी विद्यालय की छात्रा है, जबकि रणजीत सिंह गांव मोडां की एक साबुन फैक्ट्री में कार्यरत हैं।
जब वे 132 के वी जीएसएस के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार व अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने तुरंत घायलों को CHC श्रीकरणपुर पहुँचाया, जहां डॉ. जितेंद्र बोगिया व नर्सिंग टीम ने प्राथमिक उपचार दिया। स्थिति गंभीर होने पर दोनों को निजी एम्बुलेंस के माध्यम से श्रीगंगानगर रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही श्रीकरणपुर थाना पुलिस के एसआई माला सिंह टीम सहित मौके पर पहुंचे। साबुन फैक्ट्री के मालिक, कर्मचारी और निजी विद्यालय के शिक्षक भी घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
गौरतलब है कि श्रीकरणपुर क्षेत्र में सड़क हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पिछले एक सप्ताह में करीब आधा दर्जन हादसों में लगभग एक दर्जन लोग घायल हो चुके हैं, बावजूद इसके प्रशासन द्वारा ठोस कदम उठाए जाते नहीं दिख रहे।
दुखद बात यह रही कि आज बच्ची गुरनूर का जन्मदिन भी था। वह नए कपड़े पहनकर एवं चॉकलेट लेकर विद्यालय जा रही थी, लेकिन इससे पहले ही हादसे में घायल हो गई।
परिजनों ने घायल पिता-पुत्री को दो अलग-अलग निजी एम्बुलेंस से श्रीगंगानगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।















































