लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नव प्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ भव्य स्वागत
पादूकलां। निकटवर्ती ग्राम पंचायत बग्गड़ के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षा और सामाजिक सेवा का प्रेरणादायक संगम देखने को मिला।
सेवानिवृत्त व्याख्याता नंदकुमार प्रजापत ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए कक्षा 1 से 8 तक के सभी नामांकित एवं नव प्रवेशी विद्यार्थियों को अभ्यास पुस्तिकाएं और अध्ययन सामग्री वितरित की।
कार्यक्रम के दौरान नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं का पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर स्वागत किया गया, जिससे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रामस्वरूप प्रजापत और संदीप कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं संजय कुमार लोबानिया ने ग्रामीणों से विद्यालय के भौतिक संसाधनों के विकास में सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ, अभिभावक एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और इस पहल को शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक कदम बताया।






















































