लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
दर्दनाक हादसे में महिला की मौत, तीन दर्जन से अधिक राहगीर हो चुके घायल
गौतम शर्मा | राजसमन्द।
राजसमन्द। राजसमंद जिले की कुंवारिया तहसील के बड़लिया गांव में स्कूल के पास संपर्क सड़क पर बना खतरनाक अंधा जम्प राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। इस अंधे जम्प के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। अब तक तीन दर्जन से अधिक लोग घायल हो चुके हैं, जबकि रविवार को एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोगाथला से भांसोल जा रही हमेरी बाई (50 वर्ष), पत्नी गोपी लाल, रविवार को अपने बेटे रतन कुमावत के साथ बाइक पर पीछे बैठकर जा रही थीं। जैसे ही बाइक बड़लिया स्कूल के पास बने अंधे जम्प पर पहुंची, अचानक उछल गई, जिससे महिला सड़क पर गिर पड़ी। सिर में गंभीर चोट लगने से वह बुरी तरह घायल हो गईं।
घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और परिजनों ने घायल महिला को तुरंत एंजल अस्पताल, राजसमंद पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें अन्नता अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।
कुमावत समाज के बनास चौकी के पूर्व अध्यक्ष बाबूलाल कुमावत ने बताया कि स्कूल के पास बना यह जम्प पूरी तरह अंधा है। सड़क पर न तो कोई संकेतक लगा है और न ही चेतावनी बोर्ड या सफेद पट्टियां बनाई गई हैं। ऐसे में वाहन चालकों को जम्प का अंदाजा नहीं लग पाता और बाइक व अन्य वाहन उछलकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं।
उन्होंने बताया कि करीब पांच माह पूर्व कैलाशी बाई, पिता लोभचंद, इसी जम्प पर गिरकर घायल हुई थीं। वहीं तीन माह पहले एक अन्य महिला गिरने से आंखों की रोशनी तक खो बैठी। अब तक इस खतरनाक जम्प के कारण तीन दर्जन से अधिक राहगीर घायल हो चुके हैं।
ग्रामीणों और राहगीरों ने सार्वजनिक निर्माण विभाग से मांग की है कि इस जानलेवा जम्प को तुरंत हटाया जाए या इसे छोटा कर उचित मानकों के अनुसार बनाया जाए। साथ ही मौके पर स्पष्ट संकेतक, सफेद पट्टियां और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।
फिलहाल इस खतरनाक जम्प से रोजाना गुजरने वाले राहगीर भय और परेशानी के साये में यात्रा करने को मजबूर हैं।








































