लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भाविप नेताजी सुभाष शाखा द्वारा तीन दिवसीय आत्मरक्षा शिविर संपन्न
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) भारत विकास परिषद, नेताजी सुभाष शाखा द्वारा सर्वोदया शिक्षण संस्थान माध्यमिक विद्यालय, संजय कालोनी में बालिकाओं के लिए आयोजित तीन दिवसीय आत्मरक्षा शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
शिविर की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां भारती और युगपुरुष स्वामी विवेकानंद को माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से की गई। प्रशिक्षिका विनीता तापड़िया ने बालिकाओं को आत्मरक्षा के उपायों पर प्रशिक्षण दिया और कहा कि जीवन में स्वयं से बड़ा भरोसा किसी का नहीं हो सकता। उन्होंने आत्मबल सशक्त करने के उपायों पर जोर दिया, जो जीवन में अत्यंत कारगर साबित होंगे।
कार्यक्रम में आमंत्रित बच्चों के अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के बीच संस्कार विषय पर मुख्य उद्बोधन पूर्व राष्ट्रीय मंत्री (संस्कार) बलराज आचार्य द्वारा दिया गया। उन्होंने कहा कि बदलते परिवेश में संस्कार ही जीवन की आधारशिला हैं। जीवन की प्रथम पाठशाला की गुरु मां होती है, वहीं संस्कार का बीजारोपण होता है। संस्कार को जीवित रखने में परिवार का महत्वपूर्ण योगदान है। इसके लिए परिवार के सदस्यों के बीच संवाद को सजीव रखना आवश्यक है ताकि संगठित परिवार स्वस्थ समाज एवं सशक्त राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सके।
कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षिका विनीता तापड़िया का शाल व ऊपरना ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया। विद्यालय निदेशक अनिल बांगड़, प्राचार्य वैभव बांगड़ एवं अवनीश बांगड़ ने तिलक एवं ऊपरना द्वारा उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में मधु लढा, सुनीता नराणीवाल, आशा दरगड़, यशोदा शर्मा सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। अंत में शाखा सचिव कैलाश शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया।

















































