लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के उद्देश्य से बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
जिला कलेक्टर चम्पालाल जीनगर एवं सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल अधिकारिता विभाग रामदयाल ने रथ को रवाना किया। इस दौरान जिला कलेक्टर सहित उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने जागरूकता रथ पर हस्ताक्षर कर अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
यह अभियान जिला प्रशासन नागौर एवं राजस्थान महिला कल्याण मण्डल के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। जागरूकता रथ जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर पुरुषों, महिलाओं, स्कूलों, नरेगा श्रमिकों और युवाओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेगा।
अभियान के दौरान बाल विवाह निषेध अधिनियम की जानकारी दी जाएगी। साथ ही गांव-गांव संवाद, पेम्पलेट वितरण और सार्वजनिक स्थानों पर बैनर चस्पा कर जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी।
इस अवसर पर डॉ. लक्ष्मण कुमार माली (संरक्षण अधिकारी) और राहुल दवे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


















































