लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चौमहला (सुनील निगम)। झालावाड़ जिले के चौमहला कस्बे में ओसवाल दाल मिल से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बस स्टैंड को जोड़ने वाली मुख्य सड़क “अटल पथ” के निर्माण को करीब 4 से 5 महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक सड़क के दोनों ओर नालियों का निर्माण नहीं किया गया है। इससे स्थानीय नागरिकों और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क के किनारे नालियों के अभाव में गंदे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है, जिसके कारण पानी जमा होकर आसपास के क्षेत्रों में फैल रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि यह गंदा पानी पुलिस चौकी भवन तक पहुंचने लगा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नालियों का निर्माण नहीं किया गया, तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।
यह सड़क कस्बे के प्रमुख स्थानों—बस स्टैंड, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और रेलवे स्टेशन—को जोड़ती है, जिससे इसका महत्व और भी बढ़ जाता है। बावजूद इसके, निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है।
निगम कॉलोनी, बस स्टैंड रोड और आसपास के मोहल्लों में नालियां जाम पड़ी हैं। गंदा पानी भरा होने से दुर्गंध फैल रही है और बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है। स्थानीय रहवासियों और पुलिसकर्मियों को इससे रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नालियों का निर्माण कराया जाए। वहीं पुलिस चौकी प्रभारी ने भी सार्वजनिक निर्माण विभाग को इस समस्या से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है।
इसके अलावा, ग्राम पंचायत की उदासीनता भी सामने आई है। निगम कॉलोनी की नालियां पिछले 6 महीनों से साफ नहीं हुई हैं और सफाई कर्मचारियों का भी कोई नियमित आना-जाना नहीं है, जिससे क्षेत्र में गंदगी और अस्वच्छता का माहौल बना हुआ है।





















































