लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नावां में औद्योगिक हादसा:
नावां सिटी। राजास स्थित अरिहंत साल्ट फैक्ट्री में रविवार दोपहर एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा हो गया। ट्रेलर चालक जोरासिंह पुत्र गुरुदयाल सिंह (35), निवासी अंडकवास, जिला संगरूर (पंजाब), ट्रेलर पर तिरपाल बांधते समय हादसे का शिकार हो गए।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे तिरपाल बांधते समय अचानक रस्सी छूट गई, जिससे संतुलन बिगड़ने पर जोरासिंह ट्रेलर से नीचे गिर पड़े। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई। सहकर्मियों ने उन्हें तुरंत नावां के राजकीय उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जयपुर रैफर किया गया।
जयपुर ले जाते समय रास्ते में ही चालक की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को नावां के राजकीय उपजिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम सोमवार सुबह कराया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
















































