अर्बन को ऑपरेटिव बैंक का राष्ट्रीय अधिवेशन सम्पन्न

0
35
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

“सहकारिता से ही बनेगी सशक्त राष्ट्र की राह” – राज्यपाल हरिभाऊ बागडे

जयपुर ।
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि शहरी सहकारी बैंक मुनाफे की बजाय समाज को आर्थिक रूप से सशक्त करने को अपना मुख्य उद्देश्य बनाएँ। उन्होंने कहा कि पंक्ति के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक लाभ पहुँचाना ही सहकारिता का वास्तविक उद्देश्य है। राज्यपाल ने जोर देकर कहा कि गरीब और जरूरतमंद को मुख्यधारा में लाकर ही “सबका साथ, सबका विकास” का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

बागडे गुरुवार को बिड़ला ऑडिटोरियम में सहकार भारती और राजस्थान सरकार के सहकारिता विभाग द्वारा आयोजित अर्बन को ऑपरेटिव बैंक के राष्ट्रीय अधिवेशन में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सहकारी बैंक न केवल देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, बल्कि लाखों परिवारों को आजीविका का मजबूत आधार भी प्रदान करते हैं।

उन्होंने डेनमार्क में सहकारिता आधारित कृषि और डेयरी विकास का उदाहरण देते हुए कहा कि सहकारिता से समान आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और सामूहिक समृद्धि संभव है। राज्यपाल ने राजस्थान में अधिक सहकारी बैंक स्थापित करने तथा सरस डेयरी जैसे सहकारी प्रयासों के प्रभावी विपणन का आह्वान किया।

सहकारिता के इतिहास का उल्लेख करते हुए उन्होंने सयाजीराव गायकवाड़ द्वारा बड़ोदा में अर्ध-सहकारी कारखाना स्थापित करने और प्रवरा सहकारी चीनी कारखाना स्थापित करने वाले विखे पाटिल व धनंजयराव गाडगिळ की प्रेरक भूमिका का जिक्र किया।

राज्यपाल ने कहा कि भारत दुग्ध उत्पादन में विश्व में प्रथम स्थान पर है और सहकारिता को प्रभावी गति देने से राष्ट्र के समग्र विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया जा सकता है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here