लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अरावली पर्वत श्रृंखला को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयानों पर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अरावली के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ नहीं होने दी जाएगी और इस मामले में कांग्रेस को पहले अपने कार्यकाल का जवाब देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि वर्ष 2002-03 और 2009-10 में अरावली की परिभाषा किसने बदली और अरावली क्षेत्र में कितने पट्टे जारी किए गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने तो अरावली क्षेत्र में भाटा और रेता तक नहीं छोड़ा। अब वही लोग झूठे आरोप लगाकर केवल हल्ला मचा रहे हैं।
सीएम शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अफवाह फैलाने के अलावा कुछ नहीं आता। उन्होंने नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) का उल्लेख करते हुए कहा कि जब हमारी सरकार यह कानून लाई, तब कांग्रेस ने भ्रम फैलाया, लेकिन सरकार ने इसे सफलतापूर्वक लागू किया और विस्थापितों को पट्टे भी दिए गए।
उन्होंने कांग्रेस पर संविधान बदलने जैसी अफवाहें फैलाने और एसआईआर (SIR) पर सवाल उठाने का आरोप लगाते हुए कहा कि क्या वे घुसपैठियों के समर्थक हैं। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि राज्य में एक भी घुसपैठिए को नहीं रहने दिया जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तीखा हमला करते हुए मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि वे केवल “ट्विट मास्टर” बनकर रह गए हैं। उनका जादू अब न चला है और न ही आगे चलेगा। जो बोया है, वही काटना पड़ेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “न खाऊंगा और न खाने दूंगा” कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि किसी ने गलत किया है, तो उससे जवाबदेही भी तय होगी और धन की वसूली भी की जाएगी।
