लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
साहस और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल:
राजसमंद (गौतम शर्मा)। जिले के लिए गौरव का क्षण तब आया जब अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कुंवारिया की पूर्व थानाधिकारी सोनाली शर्मा को उनके साहसिक और उत्कृष्ट पुलिस कार्यों के लिए जयपुर स्थित अपने आवास पर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री से संवाद का अवसर मिलने पर सोनाली शर्मा ने इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताया।
नवजात शिशु चोरी मामले का चार घंटे में खुलासा
जानकारी के अनुसार वर्ष 2024 में जब सोनाली शर्मा कुंवारिया थाने में कार्यरत थीं, उस दौरान कांकरोली स्थित कमला नेहरू अस्पताल से तीन दिन के नवजात शिशु के चोरी होने की घटना सामने आई थी। इस चुनौतीपूर्ण मामले में उन्होंने अपनी टीम के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र चार घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर बच्चे को सुरक्षित उसकी मां को सौंप दिया। बच्चे को वापस पाकर पीड़ित परिवार की खुशी ने पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की।
रेलमगरा में भी किए उल्लेखनीय कार्य
वर्ष 2025 में रेलमगरा थाने में पदस्थापना के दौरान दरीबा क्षेत्र में टिफिन में बम मिलने की घटना का भी उन्होंने साहसपूर्वक खुलासा किया। इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जिंदा कारतूस और अन्य हथियार बरामद किए गए।
इसके अलावा रेलमगरा क्षेत्र के एक अनसुलझे मर्डर केस को रीओपन कर लूट और हत्या का खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा लूट का माल बरामद किया गया।
अवैध गतिविधियों पर भी सख्त कार्रवाई
वर्तमान में सोनाली शर्मा जिला स्पेशल टीम (DST) की प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनके नेतृत्व में अवैध बजरी खनन के खिलाफ भी कई प्रभावी कार्रवाई की गई हैं।
जिले में खुशी का माहौल
मुख्यमंत्री ने उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट पुलिस सेवा की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया और आगे भी इसी तरह समाज की सेवा करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस सम्मान से सोनाली शर्मा भावुक नजर आईं।
उनकी इस उपलब्धि पर कुंवारिया, रेलमगरा सहित पूरे राजसमंद जिले में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों, पुलिस अधिकारियों और सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे जिले के लिए गर्व का विषय बताया है।
सोनाली शर्मा की यह उपलब्धि पुलिस विभाग के साथ-साथ समाज की महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बनकर सामने आई है।

















































