लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अमूल ब्रांड मैं भी फर्जीवाड़ा
एक्सपायरी डेट हटाकर नई एक्सपायरी डेट लिखने की हो रही थी तैयारी
–जयपुर में फूड सेफ्टी टीम की बड़ी कार्रवाई।
जयपुर। यदि आप सोच रहे हैं कि सरस और अमूल के उत्पाद बिल्कुल सुरक्षित है और इनमें किसी तरह की मिलावट रही है, तो आप यह गलत सोच रहे हैं। दरअसल जयपुर शहर में अमूल के करीब 30000 किलो प्रोडक्ट प्रशासन ने पकड़े हैं। जिनकी एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी लेकिन कंपनी के कर्मचारी गोदाम में इसकी एक्सपायरी डेट ही बदलने की फिराक में लग रहे थे ,जिसे जयपुर और आसपास के इलाकों में खफाया जा सके। क्योंकि सबको लगता है अमूल तो बिल्कुल शुद्ध है और इसमें किसी भी तरह की मिलावट और छेड़छाड़ नहीं हो सकती । 
“शुद्ध आहार मिलावट पर वार”
“शुद्ध आहार मिलावट पर वार” अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। आयुक्त डॉक्टर टी शुभमंगला के निर्देश पर सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉक्टर मनीष मित्तल की अगुवाई में फूड सेफ्टी टीम ने 11 फरवरी को खो नागोरियान स्थित मैसर्स एथलीट डिस्ट्रीब्यूटर पर छापेमारी कर अमूल ब्रांड की लगभग 30 हजार किलो एक्सपायरी खाद्य सामग्री सीज की थी। इसमें नूडल्स, केचअप, मयोनीज, सॉस, सॉसेज और एनर्जी ड्रिंक सहित विभिन्न पैकिंग के उत्पाद शामिल थे।
नया लेवल लगाने की तैयारी थी
जांच में सामने आया कि अवधिपार हो चुकी सामग्री की तारीख मिटाकर नई तारीख प्रिंट करने की तैयारी की जा रही थी। नगर निगम से नष्टीकरण की स्वीकृति मिलने के बाद छह ट्रकों में भरकर यह सामग्री मथुरादास कचरागाह ले जाकर नष्ट करवाई गई। कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि ने मौके पर पहुंचकर माल के अमूल ब्रांड का होना सत्यापित किया। निरीक्षण के दौरान गोदाम में अतिरिक्त अवधिपार सामग्री भी पाई गई, जिसे उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार सोमवार को नष्ट किया जाएगा। फिलहाल गोदाम को पुनः सील कर दिया गया है। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम शामिल रही।