लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
अमीन पठान को डोटासरा और जूली ने दी शुभकामनाएं
जयपुर। राजस्थान कांग्रेस कमेटी के खेल प्रकोष्ठ के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व राज्य मंत्री अमीन पठान ने आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, इंदिरा गांधी भवन पर पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीका राम जूली, कई कांग्रेस विधायक और प्रदेशभर से आए कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पदभार ग्रहण समारोह में गोविंद सिंह डोटासरा और टीका राम जूली ने अमीन पठान को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पठान कांग्रेस को मजबूत करने और खेल व खिलाड़ियों के हितों के लिए भाजपा सरकार को सबक सिखाने का काम करेंगे। टीका राम जूली ने कहा कि भाजपा की सरकार ने अमीन पठान को बेवजह प्रताड़ित किया, लेकिन वह डरे नहीं और जनता के हित में संघर्ष कर रहे हैं।
गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है और केंद्र एवं राज्य स्तर पर जनता उनकी जनविरोधी नीतियों को समझ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में खिलाड़ियों के हितों के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए, जबकि कांग्रेस सरकार ने युवाओं और खेलों के विकास के लिए व्यापक कार्य किया था।
अमीन पठान ने कहा कि पार्टी हाई कमान और प्रदेश नेतृत्व का विश्वास बनाए रखने का प्रयास करेंगे और पूरे राजस्थान में कांग्रेस को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के हितों के लिए पिछले पौने दो साल में कोई काम नहीं किया गया और नई सरकार के कार्यकाल में स्टेडियम निर्माण का कार्य रोक दिया गया।
पदभार ग्रहण समारोह में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के तमाम नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे, जिनमें राज्यसभा सांसद नीरज डांगी, विधायक रफीक खान, अमीन कागजी, जाकिर हुसैन गेसावत, हकीम अली, विकास चौधरी, संगठन महासचिव ललित तुनवाल, और अन्य शामिल थे।
इस अवसर पर युवा प्रतिभाओं को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी खेल रत्न अवार्ड से सम्मानित किया गया। सम्मानित हुए खिलाड़ियों में दिनेश डाबी (जूडो/कराटे कोच), कृष्ण कुमार पारीक (मरूश्री मिस्टर डेजर्ट जैसलमेर), अमित जांगिड़ (फाउंडेशन कप गोल्ड मेडल, मिस्टर इंडिया), शाहरुख खान (एसआरके जिम), कमलेश चौधरी, यथार्थ भारद्वाज (क्रिकेटर), सोहैल खान (नेशनल शूटर), अब्दुल हमीद (नेशनल फुटबॉल खिलाड़ी), शाहिद कुरेशी (फेडरेशन कप इंडिया), अमर नक़वी (बॉडी बिल्डिंग कोच), मोहम्मद शाहनवाज (नेशनल प्लेयर थ्रो बाल), मुशर्रफ कुरैशी (WWF बॉडी बिल्डिंग अध्यक्ष), रफीक खान (फिटनेस ट्रेनर) शामिल हैं।















































