लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कैलाश चंद्र काबरा अध्यक्ष, रामजस बिरला मंत्री बने
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भीलवाड़ा | पंकज पोरवाल
अखिल भारतीय ग्रामीण माहेश्वरी सहयोग संस्थान, मेजा (भीलवाड़ा) की वार्षिक आम सभा माहेश्वरी भवन, मांडल में संपन्न हुई। आम सभा में संस्थान की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट पर विस्तृत चर्चा की गई तथा वार्षिक लेखे प्रस्तुत किए गए।
आम सभा में बताया गया कि संस्थान की सदस्य संख्या 391 रही, जिनसे कुल 54 लाख 85 हजार रुपये की सहयोग राशि प्राप्त हुई। राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र एवं उत्तर प्रदेश सहित कुल 656 सदस्यों को सहयोग राशि का वितरण किया गया। वर्तमान में संस्थान द्वारा 25,000 रुपये तक का सहयोग बिना ब्याज 25 माह की अवधि में वापस लिए जाने की व्यवस्था के तहत प्रदान किया जा रहा है।
आम सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब सहयोग राशि की सीमा 25,000 रुपये से बढ़ाकर 50,000 रुपये तक बिना ब्याज दी जाएगी। साथ ही सदस्यता वृद्धि पर विशेष जोर देते हुए सहयोग राशि समय पर वापस लेने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर जगदीश चंद्र जागेटिया, राधेश्याम चेचाणी, घनश्याम लाठी (बूंदी), रामजस बिरला, कैलाश चंद्र दरगड़, सत्यनारायण सोमानी एवं कृष्ण गोपाल इनाणी ने संस्थान के कार्यों पर अपने विचार व्यक्त किए। आम सभा का संचालन मंत्री कैलाश चंद्र काबरा ने किया।
आम सभा के समापन पश्चात निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र कुमार राठी ने संस्थान की प्रबंधकारिणी के नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मंत्री, कोषाध्यक्ष, सह मंत्री सहित संचालक सदस्यों के कुल 11 नामांकन प्राप्त होने पर सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की गई।
निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारी एवं सदस्य इस प्रकार रहे—
अध्यक्ष: कैलाश चंद्र काबरा
उपाध्यक्ष: गोपाल लाल तुरकिया
मंत्री: रामजस बिरला
कोषाध्यक्ष: राधेश्याम चेचाणी
सह मंत्री: प्रकाश पोरवाल
संचालक सदस्य: प्रहलाद राय सोमानी, अनूप कुमार भंडारी, चांदमल सोमानी, सुशील मारोठिया, अर्जुन लाल जागेटिया एवं पवन कुमार बिरला।













































