लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर | (नितिन मेहरा) अजमेर के शैक्षिक विकास को नई दिशा देने के लिए विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अहम कदम उठाए हैं। हाथीखेड़ा क्षेत्र में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से बालिका सैनिक स्कूल का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही शहर के सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने की योजना पर भी काम शुरू किया जा रहा है।
सर्किट हाउस में शिक्षा विभाग और अजमेर विकास प्राधिकरण (ADA) के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में देवनानी ने विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
विकास कार्यों और बजट पर फोकस
देवनानी ने डीएमएफटी फंड से स्वीकृत 5 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को जल्द लाभ मिल सके। साथ ही विधायक कोष से चल रहे कार्यों की भी प्रगति रिपोर्ट ली गई और बजट का सही उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने के निर्देश
बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने को लेकर सख्त निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के अधिकाधिक विद्यार्थी 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करें, इसके लिए विशेष प्रयास किए जाएं। साथ ही शिक्षकों और स्टाफ का मूल्यांकन भी विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम के आधार पर करने की बात कही।
नामांकन बढ़ाने पर जोर
देवनानी ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी के स्कूल जाने योग्य सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षक स्कूल समय के बाद भी क्षेत्र में जाकर अभिभावकों से संपर्क करें और बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ें।
जर्जर भवनों की मरम्मत के निर्देश
मानसून को देखते हुए जर्जर स्कूल भवनों और कमरों की मरम्मत के लिए पीडब्ल्यूडी और शिक्षा विभाग को संयुक्त रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी दर्शना शर्मा सहित एडीए और शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान सुंदर विलास मॉडल स्कूल को सावित्री बालिका स्कूल में शिफ्ट करने के निर्णय पर भी सहमति जताई गई, जिससे करीब 300 छात्राओं के भविष्य को सुरक्षित किया गया।




















































