लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर | (नितिन मेहरा) एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ अजमेर जिला प्रशासन ने ‘ऑपरेशन क्लीन’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। रसद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमों ने जिलेभर में 26 अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 681 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं।
गोदामों पर अचानक छापे, मची खलबली
जिला कलक्टर लोक बन्धु के निर्देश पर उपखंड अधिकारियों (एसडीएम), तहसीलदारों और सतर्कता इकाइयों ने गैस एजेंसियों के गोदामों पर अचानक कार्रवाई की। इस दौरान स्टॉक रजिस्टर, बुकिंग रिकॉर्ड और उपलब्ध सिलेंडरों का गहन निरीक्षण किया गया।
प्रशासन ने साफ किया है कि अब गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी में ओटीपी सिस्टम अनिवार्य किया जाएगा, जिससे बिचौलियों की भूमिका खत्म हो और उपभोक्ताओं को पारदर्शी सेवा मिल सके।
अफवाहों से सावधान रहने की अपील
जिला कलक्टर ने आमजन को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिले में घरेलू गैस, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। बुकिंग के 2 से 3 दिन के भीतर गैस की डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि जमाखोरी या कालाबाजारी में लिप्त पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




















































