लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
अजमेर से संवाददाता : नितिन मेहरा
अजमेर।
भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के प्रदेश महामंत्री एवं देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाणा ने प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जीएसटी में लागू किए गए ऐतिहासिक “NEXT GEN” सुधारों का स्वागत करते हुए कहा कि यह आमजन, छोटे व्यापारियों और देश की अर्थव्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केवल 20 दिन में जीएसटी काउंसिल ने जरूरी वस्तुओं पर टैक्स समाप्त या कम कर नागरिकों को राहत देने की दिशा में बड़ी पहल की है।
भड़ाणा ने कहा,
“हम आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का हार्दिक अभिनंदन करते हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, जीएसटी काउंसिल और राज्यों के वित्त मंत्रियों का भी साधुवाद। यह सुधार आम नागरिक की जीवन गुणवत्ता को बेहतर बनाएंगे और व्यापार सुगमता सुनिश्चित करेंगे। सरकार का उद्देश्य केवल राजस्व संग्रह नहीं, बल्कि हर नागरिक की आर्थिक स्थिति को सशक्त करना है।”
उन्होंने बताया कि अब दूध, आटा जैसी आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी शून्य कर दिया गया है। आम उपभोग की कई वस्तुओं पर टैक्स को 12%, 18% या 28% से घटाकर केवल 5% कर दिया गया है। इससे महंगाई में कमी आएगी और जनता की जेब पर बोझ घटेगा। जीवन बीमा और स्वास्थ्य बीमा पर भी जीएसटी हटाया गया है, जिससे आम आदमी की स्वास्थ्य सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
कृषि क्षेत्र को मजबूती देते हुए ट्रैक्टर, कटाई-थ्रेसिंग मशीनरी सहित अन्य उपकरणों पर टैक्स दरों में कटौती की गई है। घर निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्रियों पर भी कर कम किया गया है। नए जीएसटी ढाँचे में केवल दो स्लैब – 5% और 18% – रह गए हैं, जबकि 28% और 12% स्लैब समाप्त कर दिए गए हैं।
सेवा पखवाड़े की शुरुआत कल से
भाजपा शहर जिला अध्यक्ष रमेश सोनी ने प्रेस वार्ता में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा पखवाड़ा कल, 17 सितंबर से शुरू होगा, जो 2 अक्टूबर तक चलेगा।
उन्होंने कहा,
“शहर के सभी 600 से अधिक बूथों पर सफाई अभियान चलाया जाएगा। सेवा पखवाड़े का शुभारंभ पंचशील स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर रक्तदान शिविर के साथ होगा। इसके अलावा गायों को चारा देना, बस्ती में सेवा कार्य जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे।”
इस मौके पर जिला महामंत्री एवं सेवा पखवाड़े के संयोजक राजेश घाटे, शहर जिला महामंत्री किशन बंग, सहसंयोजक सतीश बंसल, दिलावर चौहान, संभाग मीडिया प्रभारी अनीश मोयल और मीडिया सहप्रभारी रचित कच्छावा उपस्थित रहे।




















































