लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सर्किट हाउस में वीआईपी सुविधाओं का होगा विस्तार
नितिन मेहरा, अजमेर।
अजमेर। अजमेर में आयुर्वेद विश्वविद्यालय की स्थापना सहित कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को लेकर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने जानकारी साझा की। उन्होंने यह घोषणाएं होटल क्रॉसलेन में आयोजित होली स्नेह मिलन कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में की।
देवनानी ने सभी पत्रकारों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक संवाद और विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने में मीडिया की अहम भूमिका होती है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत बजट में अजमेर के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि लगभग 38 वर्षों बाद अजमेर में विश्वविद्यालय स्थापना का विधेयक पारित हुआ है, जिसके तहत आयुर्वेद विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। इसमें आयुर्वेद के साथ योग, नेचरोपैथी और होम्योपैथी विषयों का अध्ययन भी कराया जाएगा।
देवनानी ने बताया कि अजमेर के सर्किट हाउस में बड़ा कॉन्फ्रेंस हॉल, वीआईपी सूट सहित अन्य सुविधाओं के विकास के लिए करीब 16 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा हाथीखेड़ा-बोराज क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था के लिए 28 करोड़ रुपये, राजस्व मंडल के नए भवन के लिए 150 करोड़ रुपये, ड्रेनेज सिस्टम सुधार के लिए 200 करोड़ रुपये और जल निकासी व्यवस्था के लिए 100 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि पुष्कर घाटी मार्ग के 6 किलोमीटर चौड़ीकरण की स्वीकृति दी गई है, वहीं तारागढ़ किले को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगभग 20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। साथ ही स्वामी विवेकानंद स्मारक पर आध्यात्मिक केंद्र, महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय में पैनोरमा निर्माण और चामुंडा माता मंदिर तक रोप-वे की डीपीआर तैयार की जाएगी।
इसी क्रम में माकड़वाली क्षेत्र में नई पुलिस चौकी, आनासागर के अतिरिक्त जल को रूपनगढ़ तक जोड़ने की परियोजना, तथा विभिन्न तालाबों के जीर्णोद्धार के कार्य भी किए जाएंगे। इन योजनाओं से सिंचाई सुविधा और जल उपलब्धता में सुधार होगा।
स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के तहत जेएलएन चिकित्सालय सहित अन्य अस्पतालों में 12 मॉड्यूलर ऑपरेशन थियेटर और आधुनिक विश्राम गृह स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही बेसिक लाइफ सपोर्ट ट्रेनिंग सेंटर, मेंटल हेल्थ केयर सेल और ट्रॉमा सेंटर को लेवल-1 में विकसित करने की योजना भी है।
देवनानी ने बताया कि युवाओं के लिए तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थानों में नए ट्रेड और आईसीटी लैब शुरू किए जाएंगे। साथ ही साइबर फॉरेंसिक डिवीजन और राजस्थान टेस्टिंग एजेंसी की स्थापना भी प्रस्तावित है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रीष्मकाल में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से अजमेर को एक सुंदर, स्वच्छ और विकसित शहर बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, मीडिया प्रभारी अनीश सहित कई जनप्रतिनिधि और पत्रकार उपस्थित रहे।





















































