अजमेर मंडल बना 100% विद्युतीकृत, सौर ऊर्जा में भी आगे

0
50
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क 

अजमेर से संवाददाता : नितिन मेहरा

अजमेर – अजमेर मंडल ने ब्रॉडगेज रेल मार्गों के 100% विद्युतीकरण का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय रेल में इलेक्ट्रिक ट्रेन का संचालन वर्ष 1925 में मुंबई–कुर्ला खंड पर शुरू हुआ था। इस वर्ष इलेक्ट्रिक संचालन के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर अजमेर मंडल ने ब्रॉडगेज के सभी खंडों का विद्युतीकरण कर एक नया मील का पत्थर स्थापित किया है।

मंडल ने मावली–नाथद्वारा खंड का विद्युतीकरण कार्य पूर्ण करते हुए वित्त वर्ष 2025-26 में अपने समस्त ब्रॉडगेज मार्गों का 100% विद्युतीकरण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। अब तक 1030.21 किलोमीटर रेल मार्ग विद्युतीकृत किया जा चुका है। साथ ही उदयपुर–हिम्मतनगर खंड में 194 करोड़ रुपये की लागत से 210 किलोमीटर लंबा विद्युतीकरण कार्य पूरा कर लिया गया है, जहाँ 07 जोड़ी यात्री ट्रेनों का संचालन विद्युत इंजन द्वारा प्रारंभ हो चुका है।

अजमेर मंडल में वर्तमान में 110 जोड़ी यात्री ट्रेनें इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन पर संचालित हो रही हैं। इससे ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिला है। डीजल की तुलना में विद्युत संचालन अधिक ऊर्जा दक्ष, इको-फ्रेंडली तथा शून्य कार्बन उत्सर्जन की दिशा में सहायक है। साथ ही आयातित डीजल पर निर्भरता कम होने से आर्थिक लाभ भी मिल रहा है।

सौर ऊर्जा में भी उल्लेखनीय प्रगति

अजमेर मंडल ने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भी शानदार पहल की है। अब तक 3590 KWP क्षमता के सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आर्थिक बचत भी हुई है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में 72.3 लाख रुपये तथा 2025-26 में 34 लाख रुपये के राजस्व की बचत हुई। इसके अतिरिक्त 2.1 MWP क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने का कार्य प्रगति पर है, जो भविष्य में ऊर्जा उपयोग को और अधिक स्वावलंबी बनाएगा।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here