लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
अजमेर से संवाददाता: नितिन मेहरा
अजमेर। के जवाहर लाल नेहरू अस्पताल के लिए आज इतिहासिक दिन है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने भारत लौटते ही शहरवासियों को दीपावली की खास सौगात दी। अस्पताल के सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के निर्माण के लिए 191 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। इसके अलावा, अस्पताल के जीर्णोद्धार के लिए पहले ही 50 करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। इस तरह कुल 240 करोड़ रुपये की लागत से अस्पताल का व्यापक विकास होगा।
सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के निर्माण से अस्पताल में यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, न्यूरोलॉजी, एंडोक्रिनोलॉजी, ओन्कोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी समेत कई विभाग स्थापित होंगे। भवन पूरी तरह एयर कंडीशनर होगा और भूतल पर रिसेप्शन, ओपीडी और जांच केंद्र, ऊपरी मंजिलों पर आईसीयू, ऑपरेशन थियेटर, पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड जैसी सुविधाएं होंगी। आपातकालीन परिस्थितियों के लिए हेलीपैड भी बनाया जाएगा।
अस्पताल के जीर्णोद्धार के लिए स्वीकृत 50 करोड़ रुपये की राशि से आंख, कान, नाक-गला और चेहरे संबंधित रोगों के लिए ब्लॉक और अन्य सुधारात्मक काम किए जाएंगे।
वासुदेव देवनानी के आग्रह और मॉनिटरिंग के बाद राज्य सरकार ने बजट में सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक और जीर्णोद्धार के लिए यह राशि स्वीकृत की। उन्होंने जयपुर में चिकित्सा और वित्त विभाग के अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाकर इसे मंजूरी दिलाई।
अस्पताल में प्रतिदिन हजारों मरीज इलाज के लिए आते हैं, जिनमें सैकड़ों गंभीर श्रेणी के होते हैं। सुपर स्पेशलिटी सेवाओं के निर्माण के बाद अब अजमेर संभाग के मरीजों को दिल्ली या जयपुर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, और सभी उच्च स्तरीय सेवाएं अजमेर में ही उपलब्ध होंगी।












































