Home latest आबूरोड में सफाई कर्मियों की हड़ताल छठे दिन भी जारी

आबूरोड में सफाई कर्मियों की हड़ताल छठे दिन भी जारी

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

मांगों के समर्थन में भाजपा और कांग्रेस नेता एक मंच पर आए

आबूरोड/सिरोही। (तुषार पुरोहित) नगर पालिका आबूरोड के स्वच्छता कर्मियों की विभिन्न मांगों को लेकर चल रही हड़ताल मंगलवार को छठे दिन भी जारी रही। कर्मचारी नगर पालिका कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे हैं और अपनी मांगों के समाधान तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।

हड़ताल के दौरान एक दिलचस्प तस्वीर तब देखने को मिली जब कर्मचारियों के समर्थन में भाजपा और कांग्रेस के स्थानीय नेता एक ही मंच पर नजर आए। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश सिंदल और नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नरगिस कायमखानी धरना स्थल पहुंचे तथा कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों की जानकारी ली।

दोनों नेताओं ने नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी अनिल झींगोनिया से बातचीत कर कर्मचारियों की मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों का सम्मान किया जाना चाहिए और मामले का जल्द निस्तारण होना चाहिए।

जानकारी के अनुसार स्वच्छता कर्मियों ने कुल छह प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें से पांच मांगों को नगर पालिका प्रशासन ने स्वीकार कर लिया है, लेकिन छठी मांग को लेकर अब भी गतिरोध बना हुआ है।

कर्मचारियों का कहना है कि संविदा पर कार्यरत कर्मचारी परेश माली को किस आधार पर स्थायी नियुक्ति दी गई, इसकी प्रतिलिपि उपलब्ध कराई जाए। इसी मांग को लेकर कर्मचारी आंदोलन पर डटे हुए हैं और धरना जारी है।

पांच मांगों पर सहमति बनने के बावजूद छठी मांग के समाधान का इंतजार किया जा रहा है। अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन और आंदोलनरत कर्मचारियों के बीच कब सहमति बनती है और हड़ताल कब समाप्त होती है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version