लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बालाजी क्लब बना विजेता, गांव के युवाओं में खेलों को लेकर उत्साह
भीलवाड़ा | पंकज पोरवाल
भीलवाड़ा | सुवाणा पंचायत समिति के अंतर्गत आयोजित ‘भगवान श्री बलराम पुरुष रस्साकशी प्रतियोगिता’ में आरजिया के तेजाजी चौक पर रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। फाइनल मैच बालाजी क्लब और साँवरिया क्लब के बीच खेला गया, जिसमें बालाजी क्लब ने अपने अदम्य साहस और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए फाइनल का खिताब अपने नाम कर लिया।
लगभग 18 मिनट तक रस्सा कभी एक तरफ तो कभी दूसरी तरफ खिंचता रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाया। विजेता टीम के चेहरे पर खुशी और मिट्टी का तिलक उनकी मेहनत और संघर्ष की कहानी बयां कर रहा था।
देशभक्त युवा और नशा मुक्त भारत पर जोर
मुख्य अतिथि स्वामी विवेकानन्द केंद्र राजस्थान के प्रमुख भगवान सिंह चौहान ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि “हमारा मिशन: देशभक्त युवा, नशा मुक्त भारत” तभी सार्थक होगा जब गांव का युवा देशी खेलों से जुड़ेगा। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि रस्साकशी जैसे खेल न केवल शारीरिक शक्ति बढ़ाते हैं, बल्कि सामूहिक एकता और अनुशासन की भावना भी पैदा करते हैं।
आयोजक रामपाल चौधरी (पांसल) ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। आरजिया, हमीरगढ़, कोदूँकोटा और सुवाणा सहित दर्जनों गांवों की टीमें इस महामुकाबले में भाग ले रही हैं। पंचायत स्तर पर क्वालीफाई करने वाली हर टीम के खिलाड़ियों को रंगीन ड्रेस किट प्रदान की जा रही है, जिससे ग्रामीण अंचल में ओलंपिक जैसा माहौल बना हुआ है।
पुरस्कार और प्रतियोगिता का आकर्षण
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त टीम को ₹1 लाख, उपविजेता को ₹51,000 और तृतीय विजेता को ₹21,000 का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल और राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने का संदेश दिया जा रहा है।
मैच के सफल संचालन में शुभम माली, अजय सिंह, कालू लाल जाट, बन्ना जाट और शंकर सिंह ने सक्रिय योगदान दिया। निर्णायक मंडल की पैनी नजर और दर्शकों के उत्साह के बीच आरजिया का तेजाजी चौक किसी जीवंत खेल स्टेडियम जैसा नजर आया। ग्रामीणों में आगामी मुकाबलों को लेकर भी भारी उत्साह देखा जा रहा है।











































