आनासागर में अवैध मत्स्याखेट पर बड़ी कार्रवाई, 6 नावें व 400 किलो मछली जप्त

0
29
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

रिपोर्ट: नितिन मेहरा, अजमेर

अजमेर। अजमेर में जिला मत्स्य विभाग द्वारा झीलों में अवैध मत्स्याखेट की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आनासागर पर रात्रि में औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की गई।

सहायक निदेशक मत्स्य मदन सिंह ने बताया कि विभाग को आनासागर में अवैध मत्स्याखेट की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी के तहत शनिवार रात्रि लगभग 11 बजे निरीक्षण दल ने फॉयसागर पुलिस चौकी के सामने वाली गली से चौपाटी क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान चौपाटी के समीप 6 नावें, 12 चप्पू, लगभग 40 फसला करंट जाल तथा करीब 400 किलो मछली लावारिस अवस्था में मिली। मौके पर कोई व्यक्ति उपस्थित नहीं मिला। विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नावों और चप्पुओं को जब्त कर मत्स्य कार्यालय पहुंचाया।

नगर निगम से उपलब्ध कराई गई दो नावों और आठ मजदूरों की सहायता से झील में डाले गए करंट जाल निकाले गए। जालों में फंसी करीब 400 किलो मछलियों को अलग कर विधिवत जप्त किया गया। बाद में मछलियों को मछली मंडी अजमेर में सार्वजनिक नीलामी के माध्यम से बेचा गया, जिससे लगभग 30 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

सहायक निदेशक ने बताया कि अवैध मत्स्याखेट पर रोक लगाने के लिए नियमित निगरानी जारी रहेगी। दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध मत्स्य अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि झीलों में अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here