लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर से नितिन मेहरा
उर्स मेला 2025 को लेकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
अजमेर। ज्योति कुमार सतीजा, महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), उत्तर पश्चिम रेलवे जयपुर द्वारा रेलवे सुरक्षा बल लाइन अजमेर एवं रेलवे स्टेशन अजमेर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आर्मरी, डॉग स्क्वायड, बैरक एवं मैस की जांच की गई तथा अजमेर में तैनात बल सदस्यों का सुरक्षा सम्मेलन भी लिया गया।
महानिरीक्षक द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के विभिन्न पोर्टल जैसे NCRC, CRIMAC, ICJS, CCTNS, CYBER एवं RPF Security Management System के माध्यम से अपराध विश्लेषण के लिए जागरूक एवं प्रेरित किया गया। उन्होंने ड्यूटी के दौरान यात्रियों से मृदु व्यवहार रखने, उत्कृष्ट कार्य करने, स्वास्थ्य के प्रति सजग रहते हुए फिट रहने तथा नवाचार के माध्यम से देश के विकास में भागीदारी निभाने के लिए बल सदस्यों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर बल सदस्यों की ड्यूटी से संबंधित एवं व्यक्तिगत समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई और यथासंभव समाधान का आश्वासन दिया गया।
ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती दरगाह अजमेर पर वर्ष 2025 में आयोजित होने वाले उर्स मेले के मद्देनजर रेलवे स्टेशन अजमेर का विशेष निरीक्षण किया गया। उर्स के दौरान स्टेशन परिसर में बनाए जा रहे होल्डिंग एरिया का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। रेल प्रशासन, जीआरपी एवं स्थानीय पुलिस से समन्वय कर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता रखने के निर्देश दिए गए।
इसके पश्चात आरपीएफ थाना अजमेर का भी निरीक्षण किया गया तथा उर्स के दौरान पूर्ण सतर्कता बरतने और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान दीपक कुमार आजाद, मंडल सुरक्षा आयुक्त अजमेर, निरीक्षक राजेंद्र चौधरी, निरीक्षक नीलू गोठवाल, बलराम काजला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
















































