लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने राजस्थान बजट 2026-27 को विकसित राजस्थान के निर्माण की दिशा में सशक्त और दूरदर्शी दस्तावेज बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में वित्त मंत्री दिया कुमारी द्वारा प्रस्तुत यह बजट प्रदेश को आत्मनिर्भर, समृद्ध और सर्वांगीण विकास की ओर अग्रसर करेगा।
राठौड़ ने कहा कि बजट में आधारभूत ढांचे के विस्तार, ग्रामीण विकास, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया गया है। यह बजट किसान, युवा, महिला, कर्मचारी, व्यापारी और उद्योग जगत सहित सभी वर्गों की अपेक्षाओं पर खरा उतरता है।
युवाओं को पारदर्शी भर्ती की सौगात
उन्होंने बताया कि पारदर्शी भर्ती परीक्षाओं के लिए राजस्थान स्टेट टेस्टिंग एजेंसी की स्थापना का निर्णय स्वागत योग्य है। इसके साथ ही सीएम स्वरोजगार योजना के तहत 10 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण सहायता, ग्रामीण महिला बीपीओ की स्थापना और महिला स्वयं सहायता समूहों की ऋण सीमा में वृद्धि जैसे प्रावधान युवाओं और महिलाओं के लिए लाभकारी साबित होंगे।
सड़क, उद्योग और कृषि को बढ़ावा
प्रदेश में 42 हजार किलोमीटर सड़कों का निर्माण, जोधपुर-पाली-मारवाड़ औद्योगिक कॉरिडोर के लिए 600 करोड़ रुपये का प्रावधान तथा अगले वर्ष 50 हजार सोलर पंप लगाने की घोषणा को उन्होंने विकासोन्मुख कदम बताया।
राठौड़ ने कहा कि सरकार ने वित्तीय अनुशासन के साथ विकास और जनकल्याण के बीच संतुलन स्थापित किया है। कृषि एवं पशुपालन को मजबूती, कौशल विकास, रोजगार सृजन और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना को साकार करते हुए राजस्थान को विकसित राज्य बनाने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।














































