लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। कस्बे के मेड़ता सिटी रोड स्थित ग्रामीण बैंक के पास राणा मैरिज गार्डन परिसर में रविवार को शुभ मुहूर्त में 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं संस्कार महोत्सव की भव्य शुरुआत भूमि पूजन के साथ हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरा परिसर आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर हो गया।
गायत्री प्रज्ञापीठ के व्यवस्थापक सुगनचंद पारीक ने बताया कि आगामी महायज्ञ की तैयारियों के तहत आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में गायत्री परिवार के प्रतिनिधि दिनेश फड़ोलिया ने गौरी-गणेश, गायत्री माता तथा गुरुदेव–गुरु माता की विधिवत पूजा-अर्चना करवाई।
इस अवसर पर मुख्य यजमान रामलाल गोरा धर्मपत्नी, राजूराम गोरा धर्मपत्नी एवं रणवीर सिंह शेखावत धर्मपत्नी सहित कुल पांच जोड़ों ने यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं। यज्ञ के माध्यम से देश-प्रदेश की खुशहाली, लोककल्याण एवं आत्मकल्याण की मंगल कामना की गई।
कार्यक्रम में पंडित हस्तीमल उपाध्याय, सोहनलाल पारीक नेतड़िया, भनाराम कोथ, रणवीर सिंह शेखावत, रुपाराम फौजी, जगदीश प्रसाद प्रजापत, श्यामलाल जांगिड़, जगदीशराम गोरा, योगेश उपाध्याय, गौरीशंकर उपाध्याय सहित गायत्री परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
भूमि पूजन के साथ ही 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं संस्कार महोत्सव की तैयारियों को गति मिल गई है।