लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। राजस्थान ललित कला अकादमी, कला साहित्य संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग, राजस्थान सरकार की ओर से शुक्रवार को झालाना संस्थानिक क्षेत्र स्थित अकादमी संकुल में 45वीं छात्र कला प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ कलाकार डॉ नाथू लाल वर्मा रहे। उन्होंने चयनित एवं पुरस्कृत कलाकारों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार कला, साहित्य और संस्कृति के संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा कलाकारों को भी इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
अकादमी सचिव डॉ रजनीश हर्ष ने बताया कि प्रदेश में उदयपुर सहित अन्य स्थानों पर भी इसी प्रकार के आयोजन किए जा रहे हैं, जिनमें छात्रों को भाग लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि अकादमी कला मेले की रजत जयंती 17 मार्च को राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित की जाएगी। साथ ही “मेरा गांव मेरी धरोहर” पोर्टल के माध्यम से अपनी स्थानीय कला विरासत अपलोड करने की अपील की।
उद्घाटन के पश्चात आयोजित समारोह में 10 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कैलाश शर्मा, महावीर भारती, विनय शर्मा, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, जगमोहन मतोड़िया, सुरेंद्र सोनी सहित कला जगत की कई हस्तियां उपस्थित रहीं। संचालन गौरव शर्मा ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन सेवानिवृत्त प्रदर्शनी अधिकारी विनय शर्मा ने दिया।
डॉ. रजनीश हर्ष ने बताया कि प्रदर्शनी 25 फरवरी 2026 से 5 मार्च 2026 तक दर्शकों के लिए निःशुल्क खुली रहेगी।


















































