- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
गंगापुर सिटी। (बनी सिंह मीना) भारत बंद के आवाह्न के मद्देनजर एसटी–एससी संगठन एवं व्यापार महासंघ के पदाधिकारियों की बैठक सम्पन्न। जिला कलक्टर ने कि शान्ति बनाये रखने की अपील। अतिआवश्यक एवं जीवनदायी सुविधायों को बाधित नहीं होने देने का एसटी–एससी संगठन के पदाधिकारियों ने दिया आश्वासन।

व्यापार संघ के पदाधिकारियों ने सुरक्षा की दृष्टि से प्रातः 10 बजे से दोपहर 4 बजे तक व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद कर सहयोग करने का दिया आश्वासन
भारत बंद के आवाह्न के जिला कलक्टर डॉ. गौरव सैनी की अध्यक्षता में पंचायत समिति के सभागार में मंगलवार को अनुसूचित जाति एवं जनजाति संगठन व समाज एवं व्यापार महासंघ केळ पदाधिकारियों की बैठक सम्पन्न हुई।

जिला कलक्टर ने बताया कि भारत बंद के आवाह्न के मद्देनजर जिले में शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और पुलिस की तरफ से सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गईं हैं। इस हेतु अनुसूचित जाति एवं जनजाति संगठन, व्यापार महासंघ, स्कूल शिक्षा परिवार के पदाधिकारियों, प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक कर रैली के मार्ग एवं आयोजन के समय के सम्बन्ध में सहमति एवं सामन्जस्य स्थापित कर लिया गया है।
अनुसूचित जाति एवं जनजाति संगठन व समाज के समस्त पदाधिकारियों ने आश्वस्त किया कि उनके संगठनों द्वारा जिले में शान्तिपूर्ण रैली निकाली जाएगी और कानून व्यवस्था बनाये रखने में प्रशासन एवं पुलिस का पूर्ण रूप से सहयोग किया जायेगा। इसके लिए असामाजिक तत्वों एवं उपद्रवियों की गतिविधियों की रोकथाम हेतु प्रभावी निगरानी के लिए उनकी तरफ से स्वयंसेवक भी पुलिस प्रशासन को सहयोग हेतु उपलब्ध कराये जायेंगे। साथ ही व्यापार संघ के पदाधिकारियों ने प्रातः 10 बजे से सांय 4 बजे तक स्वेच्छा से व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखने एवं शांति व्यवस्था हेतु पूर्ण रूप से सहयोग प्रदान करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की।
फलमंडी में होगी सभा
जिला कलक्टर ने बताया कि गंगापुर सिटी में अनुसूचित जाति एवं जनजाति संगठन व समाज के समस्त पदाधिकारियों ने एकमत होकर अवगत कराया है कि गंगापुर सिटी में शान्तिपूर्ण रैली हेतु प्रतिबद्ध सदस्य उदई मोड़ स्थित फलमंडी में अनुशासनात्मक तरीके से प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक एकत्रित होंगे और फव्वारा चौक होते हुए कलक्ट्रेट पहुंचेंगे। कलक्ट्रेट में जिला कलक्टर को ज्ञापन सुपुर्द करेंगे।
जिला कलक्टर ने बताया कि संघर्ष समिति के अनुसार 11 बजे बामनवास में बाटोदा, बरनाला, पिपलाई रूट के गाँवों से रैली में भाग लेने आये सदस्यों की एक टीम पिपलाई ओवरब्रिज पर एकत्रित होगी वहीं दूसरी ओर के गाँवों से आने वाले सदस्य बस स्टैंड पर एकत्रित होकर बामनवास के लिए प्रस्थान करेंगे और बामनवास में उपखण्ड कार्यालय पहुंचकर दोपहर 3 बजे तक उपजिला कलक्टर अंशुल सिंह को ज्ञापन देंगे।
डॉ. सैनी ने बताया कि वजीरपुर में पुराना थाना से लेकर मुख्य बाजार होते हुए उपखण्ड कार्यालय पहुंचकर दोपहर 3 बजे तक तहसीलदार को सम्बंधित संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं द्वारा ज्ञापन दिया जायेगा। वहीं पदाधिकारियों द्वारा नादौती में उक्त रैली का समय प्रातः 11 बजे और मार्ग पंचायत समिति से लेकर एसडीओ कार्यालय तक निर्धारित होना अवगत कराया गया है, एसडीओ कार्यालय में दोपहर 3 बजे तक पहुंचकर रैली के सदस्य सम्बंधित तहसीलदार को ज्ञापन देंगे। टोडाभीम में शहर के मुख्य चौराहे से प्रातः 11 बजे टोडाभीम उपखण्ड कार्यालय तक रैली के मार्ग एवं समय पर सम्बंधित पदाधिकारियों द्वारा सहमति जताई गई है| दोपहर 3बजे तक उपखण्ड कार्यालय पहुंचकर रैली के पदाधिकारी एसडीएम सुनीता मीना को ज्ञापन प्रदान करेंगे।
पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि भारत बंद के आवाह्न बाद से ही जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाने के लिए नियमित रूप से बैठके आयोजित की जा रही हैं।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर रवि वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश राजौरा, जिला शिक्षा अधिकारी देवीलाल मीना, उपखण्ड अधिकारी अनूप सिंह सहित प्रशासन एवं पुलिस के अन्य अधिकारी, अनुसूचित जाति एवं जनजाति संगठन व समाज एवं व्यापार महासंघ के पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे।
- Advertisement -
















































