लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रियांबड़ी में किसानों के आंदोलन को मिला समर्थन
नागौर। नागौर सांसद एवं राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के संयोजक हनुमान बेनीवाल बुधवार को रियांबड़ी में पिछले आठ दिनों से चल रहे किसानों के आंदोलन में शामिल हुए। किसानों की मांगों को लेकर उन्होंने प्रशासन को शाम 4 बजे तक का अल्टीमेटम दिया था। तय समय तक कोई ठोस समाधान नहीं निकलने पर बेनीवाल करीब 350 गाड़ियों एवं ट्रैक्टरों के काफिले के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने के लिए रवाना हो गए।
जानकारी के अनुसार, सांसद बेनीवाल का काफिला रियांबड़ी से करीब 11 किलोमीटर दूर नागौर–अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-58/59) की ओर बढ़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पादूकलां क्षेत्र में हाईवे पर पहले से ही बेरिकेडिंग कर रखी है।
संभावित आंदोलन और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। आंदोलन के चलते हाईवे पर यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
किसानों की प्रमुख मांगों को लेकर अभी तक प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच सहमति नहीं बन पाई है। हालात पर नजर रखते हुए प्रशासन सतर्कता बरत रहा है।















































