लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर |
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार द्वारा जीएसटी दरों में सरलीकरण से गरीब, किसान, मध्यम वर्ग, व्यापारी और उद्योगपतियों सहित समाज के सभी वर्गों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि त्यौहारों के मौके पर केन्द्र सरकार ने देशवासियों को जीएसटी दरों में कमी की अनूठी सौगात दी है, जिसका लाभ व्यापक स्तर पर सुनिश्चित करना जरूरी है।
मुख्यमंत्री रविवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में मंत्रीगण और विधायकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में 22 से 29 सितम्बर तक ‘जीएसटी बचत उत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं तक दर कटौती का लाभ पहुँचाना और व्यापारी वर्ग को प्रेरित करना है।
दो प्रमुख जीएसटी स्लैब होंगे प्रभावी
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 में लागू हुए जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) में 5, 12, 18 और 28 प्रतिशत की चार अलग-अलग टैक्स स्लैब थीं। प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर किए गए ऐलान के अनुसार अब 22 सितम्बर से देश में मुख्य रूप से 5% और 18% की दो टैक्स दरें लागू होंगी।
-
केवल विलासिता से जुड़ी वस्तुओं पर ही 40% टैक्स लगेगा।
-
दैनिक उपयोग की अधिकांश वस्तुएं सस्ती होंगी।
-
किसानों, मध्यम वर्ग और स्वास्थ्य क्षेत्र को विशेष लाभ मिलेगा।
-
टैक्स कम होने से मांग बढ़ेगी, व्यापारियों को फायदा होगा और उद्योगों के लिए कर संरचना सरल होगी।

जनप्रतिनिधियों को मिले निर्देश
मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और विधायकों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जीएसटी बचत उत्सव का विस्तृत प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने कहा कि:
-
जनप्रतिनिधि स्थानीय बाजारों में जाकर दुकानदारों और व्यापारियों को नई दरों के बारे में जागरूक करें।
-
उन्हें प्रेरित करें कि वे दर कटौती का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुँचाएँ।
-
होर्डिंग्स, बैनर और स्टिकर्स के माध्यम से अभियान का प्रचार सुनिश्चित किया जाए।
-
प्रभारी मंत्री जिलों में व्यापारी संघों, चैम्बर ऑफ कॉमर्स और कर संघों के साथ बैठकें करें।
-
सोशल मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से भी अभियान को व्यापक बनाया जाए।
बैठक में वित्त विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।














































