लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
देश में पहली बार सवाई माधोपुर में अमरूद महोत्सव का भव्य शुभारंभ
150 करोड़ रुपये से अधिक लागत की अमरूद प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मुख्य आतिथ्य में किसानों, वैज्ञानिकों व उद्योग जगत का ऐतिहासिक संगम
सवाई माधोपुर। सवाई माधोपुर के 263वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिले ने इतिहास रचते हुए देश का पहला अमरूद महोत्सव आयोजित कर स्वयं को राष्ट्रीय कृषि मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाई। पंच गौरव अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं कृषि–उद्यानिकी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अमरूद महोत्सव एवं उन्नत कृषि तकनीकी मेला–2026 का भव्य शुभारंभ ओम बिरला, लोकसभा अध्यक्ष के मुख्य आतिथ्य में दशहरा मैदान में संपन्न हुआ।
यह आयोजन केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि किसानों की मेहनत, नवाचार, आत्मनिर्भरता और भविष्य की कृषि अर्थव्यवस्था को दिशा देने वाला ऐतिहासिक क्षण बन गया।
फीता काटकर प्रदर्शनी का शुभारंभ, अमरूद की विविधता ने अतिथियों को किया आकर्षित
कार्यक्रम की शुरुआत में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के साथ फीता काटकर अमरूद प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रदर्शनी का सघन अवलोकन किया।
