लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
देशभर के किसान, वैज्ञानिक और विशेषज्ञ करेंगे भागीदारी
जयपुर | (आर. एन. सांवरिया) सवाई माधोपुर जिले के स्थापना दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन और कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा 18 जनवरी, रविवार से दशहरा मैदान में दो दिवसीय अमरूद महोत्सव एवं कृषि तकनीकी मेला–2026 का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन देश में पहली बार कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा की अध्यक्षता में हो रहा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे।
महोत्सव की विशेषताएं
कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने बताया कि महोत्सव में राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों से:
-
आईसीएआर, कृषि विश्वविद्यालय, सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस, केवीके
-
वैज्ञानिक, किसान, FPO, व्यापारी और संस्थान
प्रतिदिन लगभग 10,000 किसान महोत्सव में भाग लेंगे।
महोत्सव के दौरान:
-
दर्जनों उन्नत अमरूद किस्मों का प्रदर्शन एवं स्वाद परीक्षण
-
श्रेष्ठ किस्मों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान
-
किसानों का वैज्ञानिकों से सीधा संवाद
-
उन्नत खेती तकनीक, पौध संरक्षण, विपणन और मूल्य संवर्धन पर चौपालें
-
किसानों और व्यापारियों के बीच प्रत्यक्ष संवाद
अमरूद प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण अमरूद प्रसंस्करण रहेगा। इसमें प्रदर्शित होंगे:
-
जूस, चिप्स, कैंडी, फ्रूट बार, जैली, बर्फी, लड्डू, शरबत, पल्प, RTS, चटनी, आचार, लैदर, पाउडर और डिहाइड्रेट अमरूद
इसके साथ ही उत्पाद निर्माण की तकनीकी प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। पंजाब, उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित कई राज्यों से विशेषज्ञ मूल्य संवर्धन पर मार्गदर्शन करेंगे।
किसानों के लिए नर्सरी और पौध वितरण
महोत्सव में देशभर की उन्नत किस्मों की नर्सरी उपलब्ध होगी। किसान 25-30 किस्मों के गुणवत्तापूर्ण अमरूद पौधे खरीद सकेंगे।
कृषि मंत्री ने कहा कि उन्नत किस्मों के प्रसार से उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता और मिठास बढ़ेगी, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी।
आमजन और किसानों से अपील
किरोड़ी लाल ने 18-19 जनवरी को आयोजित महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इसे सफल बनाने की अपील की और कहा कि यह आयोजन अमरूद उत्पादकों को नई पहचान देगा।











































