लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बीकानेर (विजय कपूर)। मोहता आयुर्वेदिक चिकित्सालय एवं सेठ रामगोपाल गोवर्धनदास मोहता चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा शहर में पहली बार भजन सम्राट पद्मश्री अनूप जलोटा की विशेष संगीत संध्या का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम 16 दिसंबर 2025 को शाम 5 से 8 बजे तक एमजीएसयू ऑडिटोरियम में होगा।
निशुल्क पास से ही प्रवेश
कार्यक्रम में प्रवेश केवल निशुल्क प्रवेश-पत्र के आधार पर मिलेगा। लगभग 1000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। ऑडिटोरियम परिसर को विशेष रूप से सजाया जाएगा।
भजन–ग़ज़ल–गीत: अनूप जलोटा की नॉनस्टॉप प्रस्तुति
अनूप जलोटा अपनी मधुर आवाज में भजन, ग़ज़ल और गीतों की नॉनस्टॉप प्रस्तुति देंगे। आयोजकों ने इसे बीकानेर की एक अनूठी सांस्कृतिक शाम के रूप में तैयार किया है। शहर के सामाजिक, प्रशासनिक, राजनीतिक, औद्योगिक और चिकित्सा क्षेत्र के प्रबुद्ध व्यक्तियों को विशेष आमंत्रण दिया गया है।
125 वर्षों की सेवा परंपरा
मोहता परिवार बीकानेर और देशभर में अपनी सेवा भावना के लिए जाना जाता है। स्व. मोतीलाल मोहता द्वारा शुरू की गई सेवा परंपरा को शिवदास, जगन्नाथ, लक्ष्मीचंद और गोवर्धनदास मोहता ने आगे बढ़ाया। मोहता आयुर्वेदिक चिकित्सालय, मोहता धर्मशाला, मोहता रसायनशाला जैसी संस्थाएँ लगभग सवा सौ साल से समाज सेवा करती आ रही हैं।
पत्रकार वार्ता में मिली जानकारी
पत्रकार वार्ता को मोहता रसायनशाला के जीएम प्रमोद भट्ट, मैनेजर राजेंद्र गर्ग, सीए जया रामपुरिया, लीगल एडवाइजर करण सिंह शेखावत, सेल्स एंड मार्केटिंग मैनेजर मोहन पुरोहित, रिक्रूटमेंट मैनेजर विकास राठौड़ और चैरिटेबल ट्रस्ट से योगेश पुरोहित ने संबोधित किया।


















































