लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 12 फरवरी से प्रारम्भ होंगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सीबीएसई, आईसीएसई तथा माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा जीवन की एक महत्वपूर्ण सीढ़ी है, इसलिए विद्यार्थी तनावमुक्त होकर पूरे परिश्रम, अनुशासन, आत्मविश्वास और एकाग्रता के साथ परीक्षा दें। सकारात्मक सोच के साथ की गई तैयारी निश्चित रूप से सफलता दिलाती है।
उन्होंने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे बच्चों को प्रोत्साहित करें और घर में सकारात्मक वातावरण बनाए रखें, ताकि विद्यार्थी बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़, पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा परीक्षाओं के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
उल्लेखनीय है कि माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, राजस्थान की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू होंगी। इसके साथ ही अन्य बोर्डों, सीबीएसई, आईसीएसई से संबद्ध विद्यालयों तथा कक्षा 8वीं, 5वीं एवं राज्य स्तरीय समान परीक्षाएं भी निर्धारित तिथियों पर आयोजित की जाएंगी।














































