लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
एनीमिक व गर्भवती महिलाओं को लगाए जाएंगे FCM इंजेक्शन
मारोठ CHC में चिकित्सा कर्मियों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित
नावां सिटी।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा आगामी 1 से 15 दिसंबर 2025 तक ‘पिंक पखवाड़ा’ मनाया जाएगा। इसका उद्देश्य गर्भवती एवं एनीमिया से पीड़ित महिलाओं को प्रभावी उपचार प्रदान कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति में सुधार लाना है। इस अभियान के तहत महिलाओं को FCM (फेरिक कार्बोक्सी माल्टोज) इंजेक्शन लगाए जाएंगे, जिससे खून की कमी को कम समय में पूरा किया जा सके।
इसी क्रम में शुक्रवार को खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सौरभ जैन की अध्यक्षता में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मारोठ में एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ।
डॉ. जैन ने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य एनीमिया से ग्रसित महिलाओं को उपचार उपलब्ध कराकर “स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार” के संकल्प को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं को FCM इंजेक्शन की तीन डोज दी जाएगी।
प्रशिक्षण सत्र में डॉ. नेमीचंद बुगालिया ने एनीमिया के कारण, इसके दुष्प्रभाव, बचाव उपाय तथा FCM इंजेक्शन के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिंक पखवाड़ा के दौरान उपखंड क्षेत्र की उन सभी गर्भवती महिलाओं की सूची तैयार की जाएगी जिनका हीमोग्लोबिन स्तर कम पाया जाएगा। इन महिलाओं को उप जिला अस्पताल, CHC और PHC पर इंजेक्शन दिए जाएंगे।
इसके बाद उपखंड अधिकारी के निर्देशानुसार सभी चिकित्सा कर्मियों को SIR प्रक्रिया का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
शिविर में CHC मारोठ के चिकित्सा प्रभारी डॉ. एस.के. मीना, डॉ. अक्षय तिवारी, सभी ANM, CHO तथा रिपोर्टिंग टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
















































