- Advertisement -

— आरोपी छगनी कुमावत है बागावास निवासी
— रेनवाल पुलिस तीन जनों को पहले ही कर चुकी है गिरफ्तार
किशनगढ़ रेनवाल।
नवीन कुमावत वरिष्ठ संवाददाता
रेनवाल थाना पुलिस ने हनी ट्रैप गैंग की फरार चल रही महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले तीन आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। लेकिन महिला आरोपी को पुलिस ने जब कोर्ट में पेश किया, तो माननीय न्यायाधीश (एसीजेएम) गौरव गर्वा ने उसकी जमानत स्वीकार कर ली।
रेनवाल थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार के अनुसार क्षेत्र में एक हनी ट्रैप गैंग की सूचना मिली थी। 23 मार्च 2024 को एक परिवादी ने प्राथमिकी भी दर्ज करवाई थी। जिसमें उसने एक महिला और अन्य पांच छह आरोपियों पर दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर लाखों रुपए वसूलने का आरोप लगाया था। मामले के अनुसंधान करते हुए इस गैंग का खुलासा हुआ।
रेनवाल थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि अब गैंग की महिला सदस्य छगनी देवी कुमावत पत्नी पियूष कुमावत, उम्र 26 वर्ष निवासी बागावास हाल निवासी कुमावतो की ढाणी रिंगस को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले रेनवाल थाना पुलिस हंसराज स्वामी, विनय कुमार यादव और रोशन वर्मा को गिरफ्तार कर चुकी है। गैंग के सदस्यों ने सरकारी शिक्षक को दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर करीब साढ़े चार लाख रूपये ऐंठ लिए थे। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ा।

- Advertisement -
















































