
बीकानेर।मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय प्रण को लेकर आगे बढ़ रही है। विकसित भारत संकल्प यात्रा के जरिए केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है। इस यात्रा से विकास के नए क्षितिज का निर्माण होगा।

शर्मा शनिवार को बीकानेर के भानीपुरा ग्राम पंचायत में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर का अवलोकन करने पहुंचे। उन्होंने जनसभा में कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में यह यात्रा शुरू की गई है। इसके लिए राज्य सरकार और हर एक प्रदेशवासी जुटा है। उन्होंने कहा कि यह हमारा सपना और संकल्प है।
यात्रा शिविरों में राजस्थान देश में प्रथम
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के 10 हजार 800 स्थानों पर लगे शिविरों में 2.75 करोड़ से अधिक लोगों ने हिस्सा लेकर योजनाओं की जानकारी ली है। इनमें 10.11 लाख से अधिक किसान क्रेडिट कार्ड बनाकर, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना में सबसे अधिक पंजीयन कर और ‘‘मेरी कहानी मेरी जुबानी‘‘ श्रेणी में राजस्थान देश में प्रथम स्थान पर है। इन शिविरों में 1 करोड़ 83 लाख से अधिक लोगों के स्वास्थ्य की जांच हुई है। उन्होंने कहा कि पीएम जीवन ज्योति योजना में 3.15 लाख और पीएम सुरक्षा बीमा योजना में 5.72 लाख लोग लाभान्वित हुए हैं।

संकल्प पत्र समय से पहले होगा पूरा
शर्मा ने कहा कि संकल्प पत्र में किए वादों को समय से पहले पूरा करेंगे। इस कड़ी में 1 जनवरी, 2024 से 450 रुपए में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। 10हजार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। राज्य सरकार ने भू-माफिया, खनन माफिया पूर्व में हुए घोटालों की जांच के लिए कमेटी भी बनाई है।

सीएम ने लाभार्थियों को वितरित किए चैक
शर्मा ने विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर का अवलोकन किया। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत लाभार्थी महिलाओं को गैस सिलेंडर कनेक्शन उपलब्ध कराया। साथ ही, विभिन्न योजनाओं की लाभार्थी महिलाओं को ऋण चैक वितरित किए।

आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ
मुख्यमंत्री ने भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को साकार करने के लिए आमजन को शपथ दिलाई। इस अवसर पर केन्द्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि वर्ष 2047 में देश आजादी के 100 वर्ष मनाएगा, तब देश विकसित राष्ट्र बने, इसी संकल्प को साकार करने के लिए हम आगे बढ़ रहे हैं। कार्यक्रम में खाद्य एवं नागरिक खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, विधायक अंशुमान सिंह भाटी ,ताराचंद सारस्वत ,डॉ विश्वनाथ मेघवाल ,बीकानेर शहर महापौर सुशीला राजपुरोहित ,पूर्व केंद्रीय मंत्री सीआर चौधरी सहित अन्य जन्मतिथि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।












































