गंगापुर सिटी। (बनी सिंह मीना रिपोर्टर) राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार तालुका विधिक सेवा समिति गंगापुर सिटी के तत्वाधान में शनिवार को वर्ष की द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया।
तालुका सचिव सोना गोयल ने बताया कि लोक अदालत में आपसी सहमति से प्रकरणों के निस्तारण के लिए तालुका गंगापुर सिटी में कुल 2 बेंचों का गठन किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रथम बेंच की अध्यक्षता अखिलेश कल्याण अपर जिला एवं सेशन न्यायधीश संख्या 1 गंगापुर सिटी द्वारा की गई। अध्यक्ष कल्याण ने बताया कि लोक अदालत विवादों को निपटाने का वैकल्पिक साधन है, जहां विवादों का आपसी सहमति से निपटारा किया जाता है। यह कम समय में विवादों को निपटाने के लिए आसान और अनौपचारिक प्रक्रिया है।
लोक अदालत के अवसर पर अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या संख्या 2 नताशा चौधरी, उप जिला कलेक्टर गंगापुर सिटी अनूप सिंह, पैनल अधिवक्ता मोहम्मद सैफ कलाम ने लोक अदालत में समझाइश कर प्रकरणों का निस्तारण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पक्षकार, अधिवक्ता गण, बैंकों के अधिकारी व राजस्व न्यायालय के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे। लोक अदालत में दोपहर करीब 3:30 बजे तक सभी बैंचों द्वारा कुल 20349 प्रकरणों का निस्तारण किया गया, जिसमें 3 करोड़ 25 लाख रुपए से अधिक के अवार्ड पारित किए गए।
