- Advertisement -

धनबाद। झारखंड ।मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा से भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण एवं आतंकवाद को प्रश्रेय देते हुए देश को हितों पर कुठाराघात किया है। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास के प्रण के साथ गरीब, युवा, महिला, किसान एवं मजदूर का सर्वांगीण विकास किया है। लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी भारी बहुमत से जीत हासिल करेगी और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में फिर से केन्द्र में लोककल्याणकारी सरकार बनेगी।

शर्मा मंगलवार को धनबाद में बीजेपी प्रत्याशी ढुलू महतो के समर्थन में आयोजित प्रवासी राजस्थानी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने हर क्षेत्र में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उनकी नीतियों, कार्यक्रमों एवं दूरदर्शिता की वजह से भारत विश्व की 5वीं बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। 2027 तक विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के साथ ही भारत विश्व की सबसे बड़ी महाशक्ति बनने के पथ पर अग्रसर होगा।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी की सरकार सुशासन के मॉडल को साकार कर रही है। हमारे 4 महिने के कार्यकाल में 6 प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित हुई, लेकिन एक भी पेपर लीक नहीं हुआ। वहीं कांग्रेस सरकार के समय में वर्ष 2019 में 17 पेपर लीक हुए थे। हम उनके भ्रष्टाचार की सघन जांच कर रहे है और इन प्रकरणों में 100 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं।
उन्होंने कहा कि श्री राम रोम-रोम में बसते हैं, लेकिन कांग्रेस ने हमेशा भगवान श्रीराम के अस्तित्व को नकारा और काल्पनिक बताया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में वर्ष 2014 तथा 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा को सभी 25 की 25 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। इतिहास फिर दोहराया जाएगा और हम वर्ष 2024 में भी सभी 25 सीटों पर कमल का फूल खिलाएंगे। झारखण्ड में भी सभी 14 सीटों पर एनडीए की विजय होगी।
उन्होंने राजस्थानी प्रवासियों से आह्वान किया कि वे राजस्थान में निवेश करें। राजस्थान सरकार प्रदेश में उद्योग स्थापित करने के लिए कई सुविधाएं प्रदान कर रही है, ताकि उद्यमियों को किसी भी तरह की समस्या ना हो। उन्होंने धनबाद प्रत्याशी महतो के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान करने की अपील भी की।
- Advertisement -

















































