
रावतसर। (जगत जोशी/ वरिष्ठ संवाददाता)
शहर के सरदारशहर मार्ग मेगा हाइवे मुख्य पर अपनी दुकानों के आगे खुले में बिल्डिंग मैटेरियल का सामान बेचने वाले कारोबारियों ने रोड़ किनारे सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किया हुआ है। यहां पर भारी वाहनों के आवागमन से लोगों को हादसों का सामना करना पड़ रहा है। आमजन ने अधिकारियों से उक्त कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों की उदासीनता के चलते शहर में दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानों के आगे यहां पर रोड़ किनारे तक पार्किग व फुटपाथ पर अतिक्रमण कर खुले में कंक्रीट, बजरी,रेता आदि के खुले में ढ़ेर लगाए जाकर उक्त सामान बेचा जा रहा है। यही नहीं बल्कि उक्त सामान के आगे उक्त कारोबारियो के वाहन तथा लोडर इत्यादि खड़े रहते हैं। इसके कारण यहां पर भारी वाहनों के आवागमन के चलते कई बार हादसे हो चुके है। लोगों का कहना है कि हादसों के बाद अधिकारियों द्वारा अतिक्रमियों के खिलाफ़ कार्रवाई ना करने से उनके हौसले बुलंद है। रोड़ किनारे किए गए अतिक्रमण से लोगों को रोड़ के संकरा होने से भारी जाम का सामना भी करना पड़ता है। गौरतलब है की बिल्डिंग मटेरियल के उक्त कारोबारीयों में से कुछ कारोबारियों के हौसले इतने बुलंद है कि उनके खिलाफ अगर कोई मीडिया कर्मी या कोई शिकायत कर्ता आवाज उठाता है तो वह मीडिया कर्मियों व शिकायत कर्ता को किसी न किसी तरीके से जान माल का नुकसान पहुंचाने तक की धमकी भी दे डालते हैं। वहीं कस्बे के कुछ वासिंदो ने पालिका प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप भी लगाया है। आमजन के कहना है कि क्या संबंधित प्रशासन अतिक्रमण के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई करेगा या फिर से आश्वासन की घुट्टी पिला दी जाएगी।
यह बोले जिम्मेदार…….
जल्द ही खुले में बिल्डिंग मैटेरियल का सामान बेचने वालों के खिलाफ व्यापक स्तर पर अभियान चलाकर उनके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। आमजन को राहत देना नगरपालिका की पहली प्राथमिकता है।
…..शैलेन्द्र गोदारा ईओ

















































