
मकराना । (अब्दुल सलाम गैसावत वरिष्ठ संवाददाता) मकराना शहर के प्रमुख बाई पास मार्ग की दशा को सुधारे जाने के लिये सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से बुधवार को कार्रवाही प्रारंभ कर दी है। बाई पास मार्ग के क्षतिग्रस्त होने एवं मार्ग पर पड़े गड्ढों के कारण आये दिन होने वाली दुर्घटनाओं की वजह से आम नागरिक परेशान है। शहर वासियों को इस समस्या से निजात दिलाने के लिये नगर परिषद मकराना के पूर्व सभापति पार्षद शौकत अली गौड ने विगत सोमवार को मकराना उपखण्ड अधिकारी सुनील कुमार से मुलाकत की थी। साथ ही शहर के प्रमुख मार्गो की बदहाल स्थिति के बारे में अवगत करवाते हुए एक ज्ञापन भी सौपा था। एसडीएम को बताया गया था कि मकराना के मंगलाना एसडीएम कार्यालय से बाईपास तिराहा, गौडा बास, सब्जी मंडी आई एस मार्केट आदि मार्ग काफी क्षतिग्रस्त होने से लोगों को परेशानियां हो रही है। साथ ही साइटिका की बीमारी से भी लोग ग्रस्त होने लगे है। एसडीएम ने पूर्व सभापति गौड को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही मार्गो के समतलीकरण का कार्य करवाया जायेगा। एसडीएम के द्वारा दिये गये निर्देशों के तहत सार्वजनिक निर्माण विभाग मकराना ने आज बाईपास मार्ग के समतलीकरण का कार्य प्रारंभ कर दिया है। सार्वजनिक निर्माण विभाग मकराना के सहायक अभियन्ता मंगलाराम चौधरी के निर्देशों के अनुसार कर्मचारियों ने सीबीएम अस्पताल से बाईपास तिराहा तक गड्ढों को मुरड से भरने का कार्य किया। इस दौरान यहां पर नगर परिषद के पूर्व सभापति गौड, पार्षद मोहम्मद इरशाद गैसावत एवं पार्षद प्रतिनिधि मंसूर अख्तर चौधरी भी मौके पर पहुंचे। बाई पास मार्ग के समतलीकरण के कार्य को लेकर पूर्व सभापति गौड, पार्षद इरशाद गैसावत, पूर्व पार्षद मंसूर चौधरी, मोईनुद्दीन, वसीम अकरम व अन्य जनों ने एसडीएम सहित सार्वजनिक निर्माण विभाग के प्रति आभार ज्ञापित किया है।













































