
भरतपुर। राजेंद्र शर्मा वरिष्ठ संवाददाता भुसावर में लौटने पर सभी मित्रगण और परिवार वालों ने माला पहनाकर और साफा पहनाकर जोर-शोर से उनका स्वागत किया। सुनील के घर पहुंचने पर परिवार में खुशी का माहौल उमड़ पड़ा। उनके आगमन पर घर में हवन और पूजा का आयोजन किया गया और भगवान से प्रार्थना की गई। पूरे मोहल्ले में मिठाई बांटी गई, जिससे हर कोई इस सफलता में शामिल हो सके।
बरपडा भुसावर कस्बा निवासी सुनील पाण्डेय ने इंग्लैंड में आयोजित कॉलिंस एयरोस्पेस के कॉरपोरेट ओलंपिक टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल हासिल किया। इस टूर्नामेंट में इटली, यूके, यूएसए, पोलैंड, इंडोनेशिया, फ्रांस, भारत समेत कई देशों ने भाग लिया। पाण्डेय ने पहले लीग मैचों में इटली, यूके और फ्रांस को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में भारत का सामना इंडोनेशिया से हुआ। शुरूआत में इंडोनेशिया ने बढ़त बनाई, लेकिन सुनील पाण्डेय ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए बैडमिंटन मैच को 21-17 से जीतकर भारत को गोल्ड मेडल दिलाया। इस जीत ने बरपडा भुसावर के लोगों के लिए गर्व का क्षण बनाया।
सुनील पाण्डेय बंगलौर में कॉलिंस एयरोस्पेस में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में सीनियर लीडर के पद पर कार्यरत हैं और अपने अतिरिक्त समय में बैडमिंटन खेलते हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत जीवन में, बल्कि उनके गाँव के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।

















































