जयपुर ।(लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क) शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर कार्यालय पर हर घर तिरंगा अभियान की तैयारीयों को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में हर घर तिरंगा अभियान के प्रदेश संयोजक पूर्व सांसद रामचरण बोहरा ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशवासी बड़े जोश और उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस पर हर घर तिरंगा अभियान में पिछले दो वर्ष से भाग ले रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के 112 वें संस्करण में इस वर्ष भी पूरे देश में हर घर तिरंगा अभियान बनाने का आह्वान किया है।
हमारे प्रधानमंत्री जिस अभियान की शुरुआत करते हैं वह एक उत्सव का रूप ले लेता है। इस अभियान की रूपरेखा बताते हुए बोहरा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत 11, 12, 13 अगस्त को प्रत्येक विधानसभा में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा जिसमें युवा मोर्चा की अग्रणी भूमिका रहेगी मंडल स्तर पर भी इस अभियान की तैयारी को लेकर बैठक का आयोजन किया जाना है। इस अभियान के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी स्वतंत्रता सेनानियों एवं युद्ध स्मारकों पर पुष्पांजलि एवं स्वच्छता का कार्यक्रम करेगी । भारतीय जनता पार्टी 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस पर सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित करेगी तथा मौन मार्च निकालेगी। इस अभियान के तहत सभी घरों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर तिरंगे झंडे लगाए जाएंगे। भाजपा के कार्यकर्ता हर बूथ के प्रत्येक घर पर तिरंगा लगाएंगे।
इस दौरान जिला अध्यक्ष राघव शर्मा विधायक बालमुकुंदाचार्य ,विधायक गोपाल शर्मा, अभियान के जिला संयोजक राजेश तांबी, सह संयोजक कैलाश जटवाड़ा सहित अन्य पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
