
आखिर रेनवाल पुलिस ने पकड़ा भेड़ और गधे चुराने वाला गिरोह
— दिन में रैकी कर चोरी करते थे मवेशी, पिकअप गाड़ी भी की जब्त
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
किशनगढ़ रेनवाल। ( नवीन कुमावत)। रेनवाल शहर की सीमा में डेरा डाले मवेशी चराने वाले और पशुपालकों की भेड़े और गधे चुराने वाले गिरोह को रेनवाल पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है। पुलिस में चोरी का पर्दाफाश करते हुए दो चोरों को गिरफ्तार किया है। वहीं चोरी के आठ गधों को बरामद कर चोरी में प्रयुक्त हुई पिक अप गाड़ी को भी जब्त किया है।
रेनवाल थानाधिकारी सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि क्षेत्र में घनी आबादी से पशुपालकों के मवेशियों की दो बार चोरी होने के बाद इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की है। एक बार इन्होंने 34 मवेशी चुराए थे, और फिर दोबारा भी दर्जनों की संख्या में चुराए। इस चोरी के मामले की दो सितंबर को सुखाराम गुर्जर ने रेनवाल थाने में रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी। मामले में दो आरोपियों धर्मराज पुत्र छोगाराम नायक जाति नायक भोपा उम्र 20 साल निवासी नायक मोहल्ला, मौरूदा थाना नरैना, जिला जयपुर एवं दूसरा आरोपी फोटू पुत्र सेठु जाति बंजारा उम्र 32 साल निवासी पेट्रोल पंप के पास रूपनगढ़ थाना रूपनगढ़ जिला कुचामन डीडवाना को गिरफ्तार किया है।
चोरी के गधे खरीदने वाला पकड़ा गया
थानाधिकारी ने बताया कि अनुसंधान कर सूचना के आधार पर चोरी के आरोपियों का पीछाकर सूठोट छोटी जिला सीकर से एक आरोपी धर्मराज भोपा को पकड़ा गया। उससे चोरी में प्रयुक्त गाड़ी भी जब्त की गई। इनसे मवेशी गधे खरीदने वाले फोटू बंजारा को रूपनगढ़ से गिरफ्तार कर इससे आठ गधे भी बरामद किए। पकड़े गए आरोपियों ने राजू भोपा और शीशपाल भोपा के भी शामिल होने की जानकारी दी है, जिनकी तलाश की जा रही है। आरोपियों से अन्य वारदात भी खुलने की संभावना है।



















































